बागवानों को बताई बागवानी की विधि

रोहडू। भरमौर, चंबा, तीसा और सलूणी के बागवानों के लिए आयोजित प्रशिक्षिण शिविर संपन्न हो गया है। शिविर का आयोजन संतोषी महिला संगठन सभा रामपुरी जुब्बल के सौजन्य से किया गया था। बागवानों को कृषि विज्ञान केंद्र में बागवानी से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारी दी गई।
संतोषी महिला संगठन सभा के निदेशक नरेश बरागटा ने बताया कि शिविर पांच दिन से चल रहा था। शिविर में चंबा, भरमौर, तीसा तथा सलूणी के 27 बागवानों ने भाग लिया। बागवानों को कृषि विज्ञान केंद्र रोहडू में प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डा. नरेंद्र कायथ ने बागवानों को सेब तथा नाशपाती की आधुनिक प्रजातियों के बारे में अवगत करवाया। बागवानों को उत्तम किस्म के सेब तैयार करने की विधि से भी अवगत करवाया गया। सेब की विभिन्न किस्मों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। डा. कायथ ने बताया कि आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अन्य देशों के सेब के साथ प्रतिस्पर्धा के लिए बागवानों को तैयारी करनी होगी। सेब की उन्नत किस्मों को तैयार करना होगा। इस मौके पर बागवानों को पौधों पर ग्राफ्टिंग करने की विभिन्न विधियों से भी अवगत करवाया। शिविर में बागवानी विशेषज्ञ डा. ऊषा शर्मा ने सेबों में लगने वाले विभिन्न रोगों तथा उनके उपचार की जानकारियां दी। प्रोग्रेसिव फार्मर शिव सिंह खलास्टा ने बागवानों को बागवानी से संबंधित अपने अनुभवों के बार में बताया। इस मौके पर बागवानों को अदानी कोल्ड स्टोर तथा अणु फार्म का दौरा भी करवाया गया।

Related posts