
बद्दी : बरोटीवाला थाना के तहत युवक द्वारा प्रवासी महिला के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बरोटीवाला में यूपी की प्रवासी महिला अपने पति व बेटे के साथ क्वार्टर में रहती थी। महिला व उसका पति बरोटीवाला स्थित एक फैक्टरी में कार्यरत हैं। फैक्टरी के ही कर्मी विजेंद्र ने महिला के पति से पैसे उधार लिए थे।
आरोपी ने महिला को फैक्टरी जाने के लिए अपनी बाइक पर लिफ्ट दी लेकिन आरोपी उसे फैक्टरी ले जाने की बजाय पैसे देने के बहाने अपने कमरे में ले गया तथा वहां जाकर उससे दुराचार किया। पीडि़त महिला ने यह बात अपने पति को बताई जिस पर उसने बरोटीवाला थाना में मामला दर्ज करवाया। एसपी अरुल कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिला का मैडीकल करवाया जिसमें दुराचार की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी को फैक्टरी से दबोच लिया।