ऊना। भारत संचार निगम लिमिटेड की संचार सेवाएं शुक्रवार को फिर हांफ गई। मोबाइलों से सिग्नल उड़ गए, वहीं लैंडलाइन फोन पर भी डायल टोन का आना-जाना लगा रहा। घंटों तक लैंडलाइन से मोबाइल और एसटीडी कॉल नहीं लग पा रही थी। जिससे निगम के हजारों उपभोक्ताओं को परेशानियों से जूझना पड़ गया। वहीं, निगम कर्मी भी सेवाओं को सुचारु करने के लिए भागे रहे। बीएसएनएल उपभोक्ताओं में नीरज कुमार, अशोक ठाकुर, सुखविंद्र सिंह, मदन लाल, मुनिंद्र सिंह, सोमदत्त ठाकुर, राजेश्वर शर्मा, सुनील कुमार, राजीव शर्मा और रजत ठाकुर ने बताया कि मोबाइल पर सुबह से ही बीएसएनएल का सिग्नल गायब हो गया था। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लैंडलाइन उपभोक्ताओं में संजय शर्मा, सरोज राणा, राकेश कुमार, निशा शर्मा, सुरक्षा देवी ने बताया कि लैंडलाइन से भी डायल टोन का आना-जाना लगा रहा। लैंडलाइन से मोबाइल और दूरदराज क्षेत्रों में कॉल संभव नहीं हो पा रही थी। निगम की लचर सेवाओं के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि निगम को सभी सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। उधर, निगम के कार्यकारी डीटीई सुनील पुरी ने बताया कि कुछ देर के लिए सिग्नल की समस्या हुई थी, लेकिन निगम कर्मियों ने जल्द ही सभी सेवाओं को सुचारु कर दिया था।