पुलिस से युवक की मौत पर शिमला में बवाल

पुलिस से युवक की मौत पर शिमला में बवाल

तारादेवी-टुटू बाईपास रोड पर पुलिस की गोली से एक युवक की मौत और दूसरे के जख्मी हो जाने पर वीरवार को राजधानी में जमकर बवाल हुआ। लोगों ने पुलिस के खिलाफ कई जगहों पर धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम किया।

बालूगंज थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया इसमें व्यापार मंडल के महासचिव समेत चार लोग घायल हुए हैं। इस दौरान पुलिस के साथ भी हाथापाई हुई। जिलाधीश ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

इस मामले में पुलिस ने दो कांस्टेबलों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने के साथ ही थाना बालूगंज में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। युवकों को गोली लगने की वारदात बुधवार देर रात पुलिस महकमे के जंक यार्ड में हुई। पुलिस गोली से मारे गए युवक की पहचान उदयवीर सिंह पंवर (26) निवासी चक्कर के रूप में हुई है। घायल हर्ष शर्मा (26) भी चक्कर का रहने वाला है। उसकी टांग में गोली लगी है।

पुलिस महकमे के जंक यार्ड में जब्त की गई गाड़ियों को रखा जाता है। हर्ष शर्मा की एस्टीम कार भी करीब एक साल से यहां जब्त करके रखी हुई थी। रात करीब साढ़े दस बजे तीन युवक उदयवीर, हर्ष शर्मा और नितिन एक सेंट्रो कार में यहां पहुंचे। हर्ष गाड़ी से उतर कर अपनी एस्टीम कार देखने लगा। जंक यार्ड में डयूटी पर कांस्टेबल रणवीर और राहुल मौजूद थे। रणवीर के पास सर्विस पिस्टल थी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी यहां चोरी की नीयत से आए थे। ऐसा करने से रोका तो उन्होंने पुलिस के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस पर कांस्टेबल ने हवाई फायर किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी नहीं माने तो कांस्टेबल ने पैर में गोली मारनी चाही, लेकिन अंधेरे के कारण गोली पेट के आसपास लगकर दूसरी तरफ निकल गई। इसी गोली से हर्ष भी घायल हो गया। पुलिस घायलों को लेकर आईजीएमसी गई जहां उदयवीर की मौत हो गई।

वीरवार सवेरे घटना की जानकारी
गोली के शिकार हुए युवक उदयवीर सिंह की मौत की सूचना के बाद इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में माहौल गरमा गया। लोग अस्पताल में जुटने लगे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसएचओ बालूगंज के साथ लोग उलझ गए, एएसआई स्तर के पुलिस अधिकारी के साथ हाथापाई हुई। लोग इस बात से गुस्सा थे कि देर रात हुई वारदात की सूचना परिजनों को क्यों नहीं दी गई और ऐसी क्या आफत आ पड़ी थी कि युवकों पर गोलियों की बौछार कर दी?

प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े थे कि गोली दागने वाले आरोपी कांस्टेबलों को उनके हवाले किया जाए। उदयवीर के पिता प्रताप सिंह पंवर ने कहा कि आरोपी कांस्टेबलों के खिलाफ हत्या का मुकदमा कायम हो और उन्हें सजा मिले। गुस्साए लोगों ने आईजीएमसी-संजौली सड़क मार्ग पर चक्का जाम किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। थाना बालूगंज का घेराव किया यहां भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसमें चार प्रदर्शनकारी घायल हो गए।

मौजूदा पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर पंडित को सरकार ने रिलीव कर दिया और उनकी जगह तत्काल एसपी मंडी अभिषेक दुल्लर को कार्यभार सौंपने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर पंडित ने कहा कि कांस्टेबल की गोली से एक युवक की मौत हुई है। दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कहीं कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ है, छानबीन जारी है।

Related posts