पुलिस चौकी को तरस रहा टाहलीवाल

टाहलीवाल (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल जैसे-जैसे विकसित हो रहा है वैसे-वैसे औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस चौकी की मांग भी बढ़ने लगी है। टाहलीवाल में सैकड़ाें औद्योगिक इकाईयां आने से हजारों की तादाद में श्रमिक भी क्षेत्र में रहने लगे हैं। इनमें अधिकाश बाहरी राज्यों से हैं। शाम के समय में टाहलीवाल एवं आसपास के बाजारों में बड़े लंबे जाम प्राय देखने को मिलते हैं। पूर्व भाजपा सरकार ने टाहलीवाल में पुलिस चौकी खोलने की भी घोषणा की थी और मंत्रीमंडल ने भी जल्द से पुलिस चौकी खोलने की कवायद आरंभ की थी। पुलिस चौकी नहीं खुल पाई है। इससे टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र सहित उद्योगपतियों एवं आसपास के गांवों के प्रधानों को भी परेशानी से दो दो हाथ करने पड़ रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने के गैर कानूनी घटनाएं भी बढ़ती जा रही हैं। कोई भी अप्रिय घटना होने पर टाहलीवाल के लिए हरोली थाना से पुलिस बुलानी पड़ती है। टाहलीवाल पंचायत प्रधान अर्जुन सिंह ने कहा कि टाहलीवाल में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के कारण बहुत से उद्योग आए हैं। टाहलीवाल में पुलिस चौकी खुलने से टाहलीवाल एवं आसपास के इलाकों के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। हरोली ब्लाक औद्योगिक संघ के अध्यक्ष राकेश कौशल ने कहा है कि उनके संघ एवं उद्योगपतियों ने कई बार इस मसले को प्रशासन के साथ उठाया है। अब वह प्रदेश सरकार एवं उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के समक्ष इस मुद्दे को रखेंगे। एएसपी राकेश सिंह का कहना है कि इस पर जल्द कार्रवाई होगी।

Related posts