
चिंतपूर्णी (ऊना)। क्षेत्र के परेर में एक कपूत ने नशे में धुत होकर अपनी ही माता को बुरी तरह पीट डाला। जिसे जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जबकि पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार निम्मो देवी पत्नी तेगा राम निवासी परेर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसी के पुत्र मनोज कुमार ने नशे में धुत होकर उसके साथ मारपीट की है। जिससे उसे काफी चोटें पहुंची हैं। वारदात के दौरान महिला के चिल्लाने की आवाजें सुनकर आस पड़ोस के लोग उसके घर की ओर दौड़े और उन्होंने उसे पुत्र की चंगुल से छुड़ाया। घटना के बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पुत्र के खिलाफ आईपीसी की धारा 324 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है। एसपी रविंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की छानबीन कर रही है।