
पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर के साथ लगते इलाके में एक बच्ची से कथित रूप से दुराचार का मामला सामने आया है। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक राजपुर इलाके के आसपास एक बच्ची से उसी के एक रिश्तेदार ने कथित रूप से दुराचार कर डाला। आरोप पीड़ित बच्चे के दादा पर लगाया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक बच्ची की सही उम्र का खुलासा नहीं किया है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि बच्ची की उम्र चार साल है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में अधिक बताने से इंकार किया है। जबकि, बच्ची के साथ दुराचार की शिकायत पुलिस ने दर्ज कर ली है। पुलिस अभी तक इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। दुराचार का पता मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। उधर, डीएसपी मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस ने बच्ची के साथ दुराचार होने की शिकायत दर्ज की है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।