नालागढ़ भाजपा मंडल को झटका

नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ भाजपा मंडल के चुनाव में मचे घमासान की दबी चिंगारी आखिरकार सामने आ गई है। कई वर्षों से पार्टी में रहे दो सक्रिय कार्यकर्ताओं के पार्टी को अलविदा कहने से नालागढ़ भाजपा को गहरा झटका लगा है। दोनों ही कार्यकर्ताओं की पत्नियां मौजूदा समय में पंचायत प्रधान हैं और दोनों ही कार्यकर्ता क्षेत्र में अच्छी खासी पैठ रखते हैं। बुवासनी पंचायत की प्रधान मनविंदर कौर के पति एवं पूर्व बीडीसी सदस्य भूपिंद्र बेदी और मंझौली पंचायत की प्रधान कृष्णा देवी के पति एवं पूर्व भाजपा मंडल कार्यकारिणी सदस्य सतनाम सिंह ने पार्टी से नाता तोड़ लिया है। दोनों तीन बार विधायक बने पूर्व मंत्री स्व. सैणी के करीबियों में शुमार थे और विधायक केएल ठाकुर की जीत के लिए भी दोनों ने जी जान लगा दी थी।

पार्टी में नहीं होती सुनवाई
भूपिंद्र सिंह बेदी के अनुसार बीते दो दशकों से भाजपा के वह कार्यकर्ता रहे और पार्टी हित में काम किया, लेकिन आज उनकी सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे आहत होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी है। वहीं सतनाम सिंह का कहना है कि बीते तीन दशकों से वह सक्रिय कार्यकर्ता रहे, लेकिन पार्टी में उनके काम नहीं होते हैं और न ही उनकी सुनवाई, जिससे खफा होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी है।

कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा अधिमान
नालागढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष टेक चंद चंदेल के अनुसार पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं को अधिमान दिया जाता है। भूपेंद्र सिंह बेदी को उन्होंने मंडल कार्यकारिणी में शामिल करने की बात कही। सतनाम सिंह के बारे में उन्होंने टिप्प्णी देने से इंकार कर दिया।

पूछे जाएंगे कारण : जिलध्यक्ष
इस संबंध में भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद शर्मा का कहना है कि इस संबंध में मंडल अध्यक्ष से पूछा जा रहा है। भाजपा में सभी कार्यकर्ता एक समान है। पार्टी नीतियों के तहत ही सब फैसले लिए जाएंगे। पार्टी एकजुट है और आगामी लोकसभा चुनावों में जीत का परचम लहराएगी।

Related posts