
कुमारसैन (किन्नौर)। बर्फबारी के हफ्ते बाद भी पर्यटन नगरी नारकंडा में जन जीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने लिंक मार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली है। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता विनोद श्याम ने लिंक मार्ग खुलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी एनएच-22 यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। इधर, एनएच-22 पर यातायात बहाल न होने के चलते नारकंडा में लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। इससे जहां नारकंडा में व्यापारियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को जरूरत का सामान भी नहीं मिल पाया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इसके बारे में एक्सईएन एनएच-22 पासंग नेगी का कहना है कि शिमला से मत्याना तक बर्फ हटाने का काम किया जा रहा है। मत्याना तक छोटी गाड़ियों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। जबकि, रामपुर से नारकंडा की ओर ओडी से चार किमी तक बर्फ को हटाया जा चुका है। इसके लिए डोजर और जेसीबी को लगाया गया है। जल्द नारकंडा मार्ग से पूरी तरह बर्फ हटा लिया जाएगा।