
मंडी। विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद पहली बार जिला भाजपा की बैठक आयोजित की गई। इसमें प्राथमिक व सक्रिय सदस्यता के बारे में विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिले राम ने की।
शुक्रवार को भाजपा पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में जिले के दस मंडलों से अध्यक्षों व महासचिवों से मंडल स्तर की जानकारी लेकर चरचा की गई। बैठक को संबोधित करते लिए जिला अध्यक्ष दिले राम ने कहा कि जिला मंडी में प्राथमिक व सक्रिय सदस्य बनाने का जो लक्ष्य रखा गया था, उसे पूरा कर लिया गया है। इस बार मंडी जिले में प्रत्येक वर्ग के लिए लोगों को प्रत्येक बूथ से नए 25 सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया था। उसमें भारी उत्साह देखने को मिला है। प्रत्येक बूथ से सभी वर्गों के लोग, रिटायर्ड कर्मचारी वर्ग, सैनिक वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग, अनुसूचित जाति व सभी समुदाय के लोगों ने भाजपा की नीतियों को देखकर सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिला भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद पार्टी हाईकमान से जो आदेश पार्टी के संगठनात्मक चुनाव करवाने के बारे दिए जाएंगे, उसी के आधार पर काम किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश महामंत्री राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश में दो लाख नए सदस्य बनाने का पार्टी ने लक्ष्य निर्धारित किया था, जो पूर्ण कर लिया है। उन्होंने कहा कि जिलों का दौरा करने के बाद जो रिपोर्ट मिल रही है, उससे भाजपा रिपीट कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य व नजरें अब आने वाले लोक सभा चुनावों पर हैं। बैठक में सदर से भाजपा प्रत्याशी डीडी ठाकुर, जिला महामंत्री हरि सिंह वर्मा, वेद शर्मा, प्रदेश भाजपा सचिव प्रवीण शर्मा, भुवनेश्वरी कपूर, प्रदेश अल्पसंख्यक मोरचा के अध्यक्ष मोहम्मद राजवली, जिला भाजपा उपाध्यक्ष हेम पाल राणा, बल्ह से भाजपा प्रत्याशी इंद्र सिंह गांधी, नाचन से विनोद कुमार, जिला परिषद सदस्य खीरा मणी, जिला मीडिया प्रभारी पंकज वालिया, निर्मला पांडे, रमा शर्मा, व्यासा सरोच, लाल सिंह, देशबंधु, गोपालपुर मंडल अध्यक्ष दलीप ठाकुर, जिला सचिव राजेंद्र भुट्टो, नाचन मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार, बल्ह मंडल अध्यक्ष संजय रावत, किसान मोरचा के चेतराम, दया राम कौंडल, टैक चंद सैणी व दीनानाथ सैणी आदि मौजूद थे।