सुजानपुर (हमीरपुर)। शहर के सैकड़ों परिवारों को दूसरी रात भी अंधेरे में गुजारनी पड़ी। हालांकि रविवार को पांच ट्रांसफार्मरों से विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। जबकि सात अन्य ट्रांसफार्मराें से विद्युत आपूर्ति बहाल होने की संभावना है। बोर्ड कर्मचारी रविवार को पूरा दिन विद्युत आपूर्ति को बहाल करने में लगे रहे लेकिन देर शाम तक व्यवस्था बहाल नहीं हो पायी।
शनिवार सुबह करीब सात बजे भारी बारिश से एक पेड़ विद्युत तारों पर गिर गया था। शहर के 12 ट्रांसफार्मरों से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। शनिवार को भारी बारिश के कारण मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका। हालांकि पेड़ को अवश्य हटा दिया गया था। रविवार देर शाम तक मात्र 12 में से पांच ट्रांसफार्मरों को रिस्टोर कर दिया गया जिससे विद्युत आपूर्ति बहाल हो पायी। विद्युत आपूर्ति को सुचारु किया जा सकता है। जबकि सात अन्य ट्रांसफार्मर अभी भी ठप पड़े हैं।
वार्ड नंबर छह, सात, आठ और वार्ड नंबर पांच के कुछेक घरों में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। बाजार में भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। कुछ दुकानों में बिजली है, कुछ में नहीं है। कर्मचारियों की मानें तो सोमवार दोपहर करीब 12 बजे तक सभी ट्रांसफार्मर रिस्टोर कर दिए जाएंगे जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकेगी। बिजली न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए कर्मचारियों ने भी खूब पसीना बहाया। उपभोक्ताओं को दो रातें अंधेरे में गुजारनी पड़ीं। उधर, जेई विद्युत बोर्ड सुजानपुर गोपाल भाटिया का कहना है कि पांच ट्रांसफार्मरों को बहाल कर दिया गया है। शेष सात ट्रांसफार्मरों को भी सोमवार दोपहर तक सुचारु कर दिया जाएगा। कर्मचारी विद्युत आपूर्ति को बहाल करने के प्रयास में लगे हैं।