बड़सर (हमीरपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के तहत नाबालिग लड़की से दुराचार के एक आरोपी को आखिर एक सप्ताह बाद पुलिस ने धर ही लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया तथा पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी तहसील बंगाणा जिला ऊना का निवासी बताया जा रहा है। दूसरे आरोपी के नाबालिग होने के कारण पुलिस भी बोलने को तैयार नहीं है।
एक नाबालिग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि रविवार रात को घर के पास से पड़ोस के गांव का एक युवक जबरदस्ती उठाकर ले गया तथा पास के नाले में उसके साथ दुराचार किया। मौके पर उपस्थित एक अन्य युवक ने भी उसके साथ दुराचार किया। आरोपियों ने उसके मुंह पर कपड़ा ठूंस दिया था। पीड़िता ने पास ही पड़े आरोपी के मोबाइल से मां को सारी घटना बताई। फोन करने के बाद वहीं फेंक दिया था। बड़सर पुलिस थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। लड़की की उम्र महज 15 साल है तथा अनुसूचित जाति से संबंधित है। पुलिस ने लड़की की शिकायत पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज किया था। शिकायत के एक सप्ताह तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। पुलिस मामले पर चुप्पी साधे हुए है। टिप्पणी तक करने से इंकार किया जा रहा है।
सेंटर रेंज के आईजी पीएल ठाकुर ने कहा कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तथा छानबीन की जा रही है।