तेजधार हथियार से किया लहूलुहान

सुंदरनगर (मंडी)। शनिवार देर शाम यहां के रेस्ट हाउस चौक के निकट करीब एक दर्जन युवकों ने कार में जा रहे एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर तौर पर घायल कर दिया है। घायल युवक को उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल में भरती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। इधर, एक अन्य मामले में रेस्ट हाउस चौक पर चार लोगों द्वारा एक और व्यक्ति की पिटाई का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार भोजपुर निवासी जतिन सैनी शनिवार रात करीब नौ बजे अपने घर से वाहन में सवार हो सलाह की ओर जा रहा था। जैसे ही वह रेस्ट हाउस चौक के निकट पहुंचा। करीब एक दर्जन युवकों ने उसका रास्ता रोका तथा उसके निर्ममता से पिटाई आरंभ कर दी। इसी दौरान एक ने तेजधार हथियार से कई वार युवक पर कर दिए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल युवक की चीख चित्कार सुन कर जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, सभी हमलावर वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है। वहीं दूसरे मामले में रंजन चंदेल ने पुलिस में दर्ज अपनी प्राथमिकी में कहा है कि वह शनिवार शाम को घर जा रहा था। इसी दौरान चार लोगों ने उसका रास्ता रोका तथा उसके साथ मारपीट की। डीएसपी अजय कुमार ने बताया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज उनकी धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया है।

Related posts