
ऊना। चिंतपूर्णी क्षेत्र के डूहल भटवालां में तेंदुए के भय के चलते एक व्यक्ति बचाव के चक्कर में ढांक से नीचे जा गिरा। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। नाजुक हालत में घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। उधर, ऊना क्षेत्र के नंगल सलांगड़ी में एक युवती ने जहरीला पदार्थ निगल कर खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिए हैं। जबकि मामलों की छानबीन आरंभ कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 75 वर्षीय जगदीश राम निवासी गांव डूहल भटवालां वीरवार देर शाम घास काटने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उन पर एक तेंदुए ने उनके ठीक ऊपर से छलांग लगा दी। जगदीश राम घबराकर वहां से भागने लगे तो नियंत्रण खोने के चलते वह ढांक के नीचे जा गिरे। इसी दौरान उनके चीखने की आवाजें सुनकर आसपास घास काटने आए लोग भी मौके पर आ गए। उन्होंने जगदीश राम को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल ले गए। लेकिन, उनकी नाजुक होती हालत के चलते उन्हें ऊना रेफर कर दिया। डीएसपी अंब विजय सकलानी ने बताया कि तेंदुए ने जगदीश राम पर हमला नहीं किया था, अपितु वह उसकी छलांग से घबराकर ढांक से नीचे जा गिरे। जिससे सिर में गहरी चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। उधर, जिला मुख्यालय क्षेत्र के नंगल सलांगड़ी में एक युवती ने जहरीला पदार्थ निगल कर जान दे दी है। बताया जा रहा है कि युवती 19 वर्ष की थी और पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी। एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।