तीन बस रूट पांच माह से बंद, यात्री परेशान

सुजानपुर (हमीरपुर)। परिवहन निगम प्रबंधन ने अलग-अलग डिपुओं के तीन रूट बंद कर दिए हैं। इससे यात्रियों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। स्कूल के छात्रों और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धर्मपुर से पठानकोट वाया सुजानपुर, धर्मपुर से चंबा वाया सुजानपुर और हारसीपत्तन से कटड़ा वाया सुजानपुर बसें करीब पांच माह से निर्धारित रूटों पर नहीं दौड़ रही हैं। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों में नरेश कुमार, कुलदीप, प्रदीप, कौशल्या, नवीन कुमार, आरती, सोनम, आशा देवी, वीना देवी, चंचल आदि का कहना है कि बसों के निर्धारित रूटों पर न चलने से लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। यात्री आए दिन सुजानपुर बस अड्डे पर बसों का इंतजार करते हैं लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ता है। पठानकोट डिपो की बस धर्मपुर से पठानकोट वाया सुजानपुर होकर सुबह 8.30 बजे पठानकोट को रवाना होती थी। शाम को तीन बजे सुजानपुर पहुंचकर धर्मपुर के लिए चलती थी। दूसरी बस सेवा धर्मपुर से चंबा के लिए सुबह धर्मपुर पहुंचकर सुजानपुर में सुबह पौने नौ बजे चंबा को रवाना होती थी। शाम 6 बजकर 50 मिनट पर धर्मपुर के लिए रवाना होती थी। तीसरी बस सेवा पालमपुर डिपो की हारसीपतन से कटड़ा वाया सुजानपुर से होकर निकलने वाली बस सेवा 8:50 बजे कटड़ा और शाम सवा चार बजे हारसीपतन को रवाना होती थी। तीनों बस सेवाओं को निगम प्रबंधन द्वारा बंद कर दिया गया है। तीनों रूटों पर काफी सवारी होती है। क्षेत्र की जनता ने परिवहन मंत्री जीएस बाली से इन बस रूटों को बहाल करने की मांग की है।

डीएम धर्मशाला विजय सिंह का कहना है कि उक्त रूट बंद होने की उन्हें जानकारी नहीं है। फि र भी रूटों के बंद किए जाने की जानकारी ली जाएगी। लोगों की समस्या को हल करने का प्रयास किया जाएगा।

Related posts