तालाब में रहस्यमयी ढंग से मरी सैकड़ों मछलियां

सराहां (सिरमौर)। क्षेत्र के प्राचीन तथा प्रसिद्ध तालाब में एकसाथ भारी संख्या में मछलियां मृत मिली हैं। पच्छाद क्षेत्र के तहत आने वाली बजगा पंचायत के इस ऐतिहासिक तालाब, गागल-शिकोर में राह चलते लोगों के रौंगटे उस वक्त खड़े हो गए जब सैकड़ों की संख्या में मृत मछलियां तालाब के ऊपर दिखाई दीं।
मछलियां कैसे मरी हैं तथा इतनी संख्या में किसने इन मछलियों को नुकसान पहुंचाया इसकी छानबीन चल रही है। हालांकि क्षेत्र के कई जानकार इस घटना को हाल ही में हुई भारी वर्षा से जोड़कर देख रहे हैं।
लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी तादाद में मछलियों के मरने से इलाकों में बीमारी फैलने की आशंका है। कई लोगों का कहना है कि यहां पूर्व में भी मछलियां मृत पाई गई थीं। लोगाें का कहना है कि आसपास के दर्जनों ग्रामीण यहां अपने मवेशियों को पानी पिलाने आते हैं। लोगों ने पशुओं में बीमारी पैदा होने की आशंका जताई है। हालांकि कुछ लोगों द्वारा बाद में इस घटना की जानकारी राजगढ़ एसडीएम पंकज शर्मा को दी गई। बाद में विकास खंड अधिकारी पच्छाद रवि कुमार बैंस ने घटना स्थल का दौरा किया।
वार्ड सदस्य बजगा पंचायत तेजवीर शर्मा, राजकुमार, धर्म सिंह, धनवीर सिंह, देवेंद्र, रमेश व पूर्व पंचायत प्रधान देशराज ठाकुर ने बताया कि गागल-शिकोर के ऐतिहासिक तालाब में वर्षों से मछलियां रहती हैं।
एसडीएम राजगढ़ पंकज शर्मा ने कहा कि विकास खंड अधिकारी की रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ पता चल पाएगा। बताया कि इस बाबत पशु पालन विभाग के चिकित्सकों को मौके पर भेजा है। एसडीएम ने बताया कि अगर उचित हुआ तो सराहां तालाब से वोट ले जाकर मरी हुई मछलियों को बाहर निकाला जाएगा।

Related posts