
अंब (ऊना)। जिलाभर के सरकारी डिपुओ में पिछले तीन माह से सस्ता राशन नहीं मिल रहा है। इससे हजारों उपभोक्ता मुश्किल में हैं। बाजार से महंगे दामों पर खाद्य सामग्री खरीदनी पड़ रही है। इससे उनका बजट बिगड़ गया है। डिपुओं में उपभोक्ताओं को सिर्फ सस्ते अनाज के नाम पर चीनी देकर ही काम चलाया जा रहा है। जिससे गरीब तबके के लोगों पर हर माह 1200 से 1400 रुपये का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। इस दिक्कत को लेकर लोगों ने विभाग एवं सरकार के प्रति गहरा रोष जताया है। पहले ऊना के बंगाणा उपमंडल में सस्ते राशन का टोटा चल रहा था। अब अंब उपमंडल समेत जिले के अन्य स्थानों पर डिपुओं में सस्ता राशन नहीं मिल रहा है। यह समस्या दो -तीन माह से पेश आ रही है। स्थानीय लोगाें में मंजू देवी, विमला देवी, प्रवीण, कमला देवी, मनोरमा, दर्शना देवी, कमलदेव, विक्रम, मनोहर का कहना है कि डिपुओं में सस्ता राशन न मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राशन न मिलने से उन्हें मजबूरन बाहरी दुकानों से राशन खरीदना पड़ रहा है। जिसके चलते उन्हें आर्थिक हानि का सामना करना पड़ रहा है। उधर, विभागीय अधिकारियों ने मामले पर चुप्पी साध ली है। अधिकारी पीछे से सप्लाई बंद होने की बात कह रहे हैं। उधर, चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप कुमार का कहना है कि उन्होंने इस संदर्भ में प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से आग्रह किया है। जल्द ही डिपुओं में राशन पहुंचाया जाएगा। डीएफएससी संतोष व्यास ने कहा कि अभी तक राशन की सप्लाई नहीं पहुंच पाई है। सप्लाई आते ही राशन सहकारी सभाओं में पहुंचा दिया जाएगा।