डाक्टर और आईपीएच अधिकारी में तूतू-मैंमैं

अंद्रेटा (कांगड़ा)। पंचरुखी के एक अस्पताल में शुक्रवार को एक चिकित्सक और आईपीएच विभाग के एक अधिकारी की नोकझोंक को लेकर अस्पताल में खूब ड्रामा चला। इससे कई मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामला पुलिस तक चला गया था। लेकिन बाद में दोनों पक्षों का आपस में समझौता हो गया है।
पुलिस के मुताबिक पंचरुखी के एक अस्पताल में आईपीएच अधिकारी और अस्पताल के चिकित्सक में बहस हो गई। दोनों के बीच चले दो घंटे के ड्रामे में कई मरीजों को दिक्कत हुई। सूत्र बताते हैं कि इलाज के लिए आईपीएच अधिकारी अस्पताल में आया। उस समय चिकित्सक अन्य मरीजों के इलाज में जुटा था। यह देख अधिकारी ने चिकित्सक को कुछ ऐसे शब्द कह दिए, जो डाक्टर को नागवार गुजरे। इससे चिकित्सक भी भड़क उठा। इसके चलते दोनों में खूब बहस हुई। चिकित्सक ने अधिकारी को कमरे में बंद कर पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस भी चिकित्सक की शिकायत पर मौके पर पहुंच गई। उधर, पुलिस चौकी पंचरुखी के प्रभारी सुभाष शास्त्री ने कहा कि पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर गई थी। लेकिन बाद में दोनों पक्षों का समझौता हो गया।

Related posts