
मोगा (आजाद): गांव जलालाबाद में गत देर रात्रि पंचायती चुनावों की रंजिश को लेकर 2 पक्षों के मध्य जमकर लड़ाई-झगड़ा होने का पता चला है। उक्त झगड़े में जलालाबाद निवासी राजिन्द्र राहुल तथा लखविन्द्र सिंह लक्खी के बुरी तरह से घायल होने का पता चला है, जिन्हें उपचार हेतु गत रात्रि सवा एक बजे के करीब सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इस मामले की जांच थाना धर्मकोट के सहायक थानेदार भागमल्ल द्वारा की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार राजिन्द्र तथा लखविन्द्र ने बताया कि गत रात्रि जब उनका कांग्रेसी प्रत्याशी चुनाव जीत रहा था तो अकाली दल के समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया और अन्य कई लोगों को घायल कर दिया। उन्होंने विरोधी पक्ष पर गोली चलाने का भी दोष लगाया। जांच अधिकारी ने बताया कि उक्त मामले की असलियत जानने का प्रयास कर रहे हैं। अभी तक किसी कथित आरोपी को गिरफ्तारी नहीं किया गया।
इसी तरह गांव मौजगढ़ में पंचायती चुनाव की रंजिश को लेकर दर्शन सिंह, गुरतेज सिंह तथा बलजिन्द्र सिंह को घायल किए जाने का पता लगा है जिन्हें गत देर रात्रि सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उक्त तीनों को मैडीकल कालेज फरीदकोट रैफर कर दिया गया। उक्त घायलों ने विरोधी पक्ष पर गोली चलाने का भी दोष लगाया। उक्त मामले की जांच धर्मकोट पुलिस द्वारा की जा रही है। अभी तक किसी कथित दोषी को गिरफ्तार नहीं किया गया।