
अमरोहा। केंद्र सरकार को घोटालों की जननी बताते भाजपा ने जनता को गुमराह करने को आरोप लगाया है। आतंकवाद, बढ़ती महंगाई और किसान समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट पर धरना देकर देश स्तर पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार को राष्ट्रीय आह्वान पर जिला मुख्यालय पर धरने को संबोधित करते पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सह संयोजक कमलेश सैनी ने कहा कि यूपीए की गलत नीतियों से बढ़ रही महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। जबकि, घोटालोें में फंसे मंत्री और नेता सरकारी खजाने की बंदरबांट पर तुले हैं। पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने एफडीआई के निवेश पर निशाना साधते हुए कहा कि साजिश के तहत देश को आर्थिक गुलामी की ओर ले जाया जा रहा है। जिलाध्यक्ष गिरीश त्यागी बोले वोट के लालच में राष्ट्र की उपेक्षा की जा रही है। देश में घुसपैठ जारी है। रोकथाम के लिए कदम नहीं उठाए जा रहे। भाजपाइयों ने खाद, बिजली और किसान समस्याओं पर केंद्र सरकार को निशाना साधा। महेंद्र सिंह, युद्ववीर सिंह, अतुल जैन, राकेश वर्मा, राम सिंह सैनी, माया गुप्ता, विनेश चौधरी, सविता चौधरी, डा. मोमराज सिंह गुर्जर, प्रमोद अग्रवाल, चंचल वर्मा, सुरेंद्र, रजनीश, लाल सिंह सैनी, सुभाष त्यागी, चंद्रपाल खड़गवंशी, सचिन कौशिक, पूरन सिंह, अनिल गुर्जर आदि मौजूद रहे।