करोड़ों के कारोबार को बर्फ का इंतजार

मनाली। मौसम में अचानक आए बदलाव के बीच पर्यटन कारोबारियों को व्यवसाय चमकने की उम्मीद बढ़ गई है। मनाली के पर्यटन स्थलों में सैलानियों और कारोबारियों को बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार है। फिलहाल सैलानी बर्फ के दीदार को रोहतांग दर्रे में दस्तक दे रहे हैं। लेकिन यहां भी नाममात्र बर्फ है। पहाड़ खाली पड़े हैं। बर्फबारी के बीच मनाली में पर्यटन व्यवसाय सहित करोड़ों का कारोबार होता है। पर्यटन कारोबार से होटल संचालकों और टैक्सी आपरेटरों सहित सैकड़ों परिवार जुड़े हैं।
रोहतांग दर्रा सैलानियों की पहली प्राथमिकता घूमने के लिए रहता है। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि बर्फबारी के बाद ही उनका कारोबार बढ़ सकता है। पर्यटक उनके संपर्क में हैं तथा बर्फबारी होने की जानकारी लेने को संपर्क में हैं। मंगलवार को रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए बंद रहा। इस कारण दर्रे में दिनभर सन्नाटा रहा।
हर मंगलवार को रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए बंद रहता है। इस दिन बीआरओ सड़क की रिपेयर का काम करता है। पिछले वर्ष इन दिनों रोहतांग दर्रे में चार फुट से अधिक बर्फ जमा थी। इस बार दर्रा चार इंच बर्फ के लिए भी तरस गया है। बर्फबारी न होने से व्यवसायियों सहित सैलानी भी निराश हैं। मढ़ी के पर्यटन व्यवसायी सीता राम का कहना है कि पिछले वर्ष मढ़ी में तीन फुट बर्फ थी लेकिन इस बार बर्फबारी न होने से सभी निराश हैं।
हिमाचल पर्यटन निगम मनाली के सहायक उप महाप्रबंधक मोहन लाल शर्मा का कहना है कि बर्फबारी पड़ने के बाद ही मनाली में कारोबार को गति मिल सकेगी। बहरहाल सैलानियों सहित व्यवसायियों को बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार है।

घातक भी हो सकती है ये मस्ती
अचानक हुई बर्फबारी कई बार पर्यटकों पर भारी भी पड़ती है। उनका मानना है कि इन दिनों सैकड़ों वाहन दर्रे में दस्तक दे रहे हैं। ऐसे में अचानक बर्फबारी होती है तो सभी दिक्कतों में घिर सकते हैं। मढ़ी के व्यवसायी बादल छाते ही हर रोज घरों का रुख कर रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment