
ऊना। प्रदेश की एकमात्र ब्राडगेज रेल लाइन पर रेल सेवाओं की ब्रेक लग सकती है। खराब मौसम के चलते रेल सेवाएं लेट होने की शुरुआत हो गई है। खराब मौसम के चलते पिछले कई सालों से रेल मंत्रालय की ओर से ऊना की रेल सेवाओं पर कट लगता रहा है। लेकिन, इस बार रेल सेवाआें को बंद न करने का फैसला लिया गया है। वहीं, खराब मौसम के चलते रेल सेवाओं को रद्द किए जाने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। घने कोहरे के कारण पहले ही रेल सेवाएं घंटों लेट हो रही हैं। ऐसे में सूबे को मिली ट्रेनों पर कैंची चल सकती है।
रेल विभाग के अधिकारियों ने भी खराब मौसम के चलते रेल सेवाएं रद्द होने की संभावनाओं से इन्कार नहीं किया है। घनी धुंध और कोहरे की मार सबसे पहले अंब अंदौरा-दिल्ली-बरेली के बीच दौड़ने वाली हिमाचल एक्सप्रेस रेल सेवा पर पड़ रहा है, जो रोजाना तीन से चार घंटे देरी से पहुंच रही है। स्थानीय रेलवे स्टेशनाें से यह गाड़ियां समय पर निकल रही हैं, लेकिन सूबे से बाहर खराब मौसम का खेल रेल सेवाओं को बिगाड़ रहा है। उधर, ऊना स्टेशन प्रभारी बीएस ठाकुर का कहना है कि अभी तक ऊना की किसी भी रेल सेवा को रद्द करने का फैसला नहीं लिया गया है। खराब मौसम किसी भी क्षेत्र की सेवाओं में खलल डाल सकता है, जिसके चलते रेल सेवाओं के सुचारु न रहने की संभावनाओं से इन्कार नहीं किया जा सकता है।