
केलांग। देश के दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में रह रही आबादी को मुख्य धारा के साथ जोड़ने तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए दूरदर्शन सशक्त माध्यम है। लेकिन बर्फ से ढकी जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में दूरदर्शन का उदयपुर स्थित टावर करीब एक महीने से खराब पड़ा है। इस कारण घाटी के लोग दिल्ली और शिमला दूरदर्शन से प्रसारित होने वाले कार्यक्रम नहीं देख पा रहे। बार-बार आग्रह करने के बावजूद टावर को दुरुस्त नहीं किया जा रहा।
बर्फ के बीच पांच महीनों के लिए कैद हुई जनता के लिए यह एक बड़ी समस्या बनी हुई है। घाटी के लोगों को दूरदर्शन के कार्यक्रम से जागरूक करने के साथ ही सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की घरद्वार जानकारी देने के लिए सरकार ने लाखों रुपये खर्चकर घाटी में दो टावर स्थापित किए हैं। लेकिन इनमें से एक उदयपुर स्थित टावर एक महीने से बंद है। लिहाजा उदयपुर, मडग्रां, शकौली और त्रिलोकनाथ समेत कई पंचायतों के लोग दिल्ली और शिमला दूरदर्शन देखने से महरूम हैं। पंचायत प्रधान राजू ठाकुर ने कहा कि इस बारे में दूरदर्शन के मंडी में तैनात अधिकारियों से कई बार टावर को ठीक किए जाने की मांग की गई। लेकिन अभी तक टावर खराब पड़ा है। क्षेत्र के सुनील, राजीव, अमित, रमेश और कमलेश ने कहा कि उदयपुर स्थित दूरदर्शन टावर को जल्द ठीक किया जाए।