आटो चालकों की मनमानी ने सताया

रामपुर बुशहर। शहर में आटो चालकों की मनमानी से आम लोग खासे परेशान हैं। एक तो मनमाने रेट, तो वहीं दूसरी ओर एक समय में आटो में छह से आठ सवारियां ठूंस कर चालक नियमों की भी सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। जनता को परेशानी से निजात दिलाने के लिए न तो प्रशासन और न ही पुलिस की ओर से कोई ठोस पहल हो रही है, ऐसे में परेशानी से निजात दिलाए तो कौन?
शहर के पुराने बस अड्डे से पाटबंगला, चूहाबाग, खनेरी, खोपड़ी और डकोलड़ की ओर प्रति सवारी रेट दस रुपये तय किए गए हैं। मगर, किराया इससे अधिक वसूल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, एक समय में आटो में नियमानुसार तीन या चार लोग ही बैठ सकते हैं, लेकिन यहां आटो चालक एक समय में छह से आठ सवारियां भरते हैं। इससे जहां नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ रही हैं, वहीं सवारियों की जिंदगी के साथ भी खिलवाड़ हो रहा है। आटो चालक खनेरी, पाटबंगला की ओर जाने को तो हमेशा तत्पर रहते हैं, लेकिन अगर पिपटी या फिर रचोली जाने के बारे में पूछा जाए तो कोई तैयार नहीं होता। दिन हो या फिर शाम, इन क्षेत्रों की तरफ जाने से चालक हमेशा मना करते हैं। बार-बार आग्रह करने पर चालक जाने को तैयार नहीं होते, बल्कि उल्टा सवारियों के साथ बदतमीजी पर उतर जाते हैं। इसकी कई लोगों ने प्रशासन से कई बार शिकायत भी कर रखी है, लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं हुआ। जनता अब शिकायत करें तो किससे।
ट्रैफिक इंचार्ज एएसआई धनी राम का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले आटो चालकों पर पुलिस की पैनी नजर है। जरूरत से अधिक सवारियां उठाने वालों के चालान किए जाते हैं। इसके अलावा जिनके पास कागजात नहीं होते हैं, उनके आटो जब्त किए जाते हैं। बुशहर आटो यूनियन के प्रधान देवी चंद गौतम का कहना है कि अवैध आटो चालक सवारियों के साथ मनमानी करते हैं। ऐसी शिकायतें यूनियन को मिली हैं। जहां तक पिपटी, रचोली की ओर जाने की बात है, तो यूनियन में दर्ज आटो के चालकों से इस सबंध में बात की जाएगी।

Related posts