अजय; अनिरुद्ध, पंकज नामित पार्षद

रामपुर बुशहर। सरकार ने रामपुर नगर परिषद में रिक्त हुए नामित पार्षदों के तीनों पद भर दिए हैं। सेवादल रामपुर के मुख्य संगठक अजय शर्मा, पूर्व जिला शिमला कांग्रेस प्रवक्ता अनिरुद्ध बिष्ट और पूर्व युकां नेता पंकज बराड़ को नामित पार्षद मनोनीत किया गया है। शुक्रवार को प्रदेश सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
नगर परिषद में नामित पार्षद प्रदेश सरकार नियुक्त करती है। गत दिनों यहां पूर्व भाजपा सरकार द्वारा नियुक्त किए तीनों नामित पार्षदों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इनके इस्तीफे के बाद शुक्रवार को कांग्रेस सरकार ने रिक्त पदों पर अपने नामित पार्षद नियुक्त कर दिए। इन तीन पार्षदों की नियुक्ति के साथ ही नगर परिषद रामपुर में कांग्रेस पार्षदों की संख्या छह से बढ़कर अब नौ हो गई है। जबकि, भाजपा के केवल तीन ही पार्षद रह गए। नगर परिषद के अध्यक्ष दीपक सूद ने अजय शर्मा, अनिरुद्ध बिष्ट और पंकज बराड़ को नामित पार्षद नियुक्त करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है। इस नियुक्ति के साथ ही पार्षदों की नियुक्ति को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर भी विराम लग गया है। नगर परिषद के इन तीन पदों के लिए कार्यकर्ताओं की लंबी फेहरिस्त थी। बताया जाता है कि लगभग दो दर्जन से अधिक उम्मीदवार नामित पार्षद बनने के लिए हाथ पांव मार रहे थे।

Related posts