
शिमला। नगर निगम शिमला शहर के विलुप्त हो चुके पर्यटक स्थलों को विकसित करेगा। बाहरी राज्यों से शिमला घूमने आने वाले सैलानियों को रिझाने के लिए निगम ने यह निर्णय लिया है। इस योजना के तहत अंग्रेजों के समय की धरोहरों को भी संवारा जाएगा।
महापौर संजय चौहान का कहना है कि शहर के विलुप्त हो चुके पर्यटक स्थलों जैसे चैडविक फॉल, गलैन सहित कई अन्य को प्राथमिकता के आधार पर संवारा जाएगा। नगर निगम अपने स्तर पर उक्त पर्यटक स्थलों तक सैलानियों को पहुंचने की राह को आसान करेगा। विलुप्त पर्यटक स्थलों की दशा को भी संवारा जाएगा। महापौर का कहना है कि शहर में अंग्रेजों के समय की कई धरोहरें भी मौजूद हैं, जो रखरखाव के अभाव में अपना महत्व खोती जा रही हैं। चौड़ा मैदान से गलैन तक पैदल मार्ग जो अंग्रेज घूमने के लिए प्रयोग करते थे, उसे भी संवारा जाएगा। इस मार्ग पर बुरांस के फूलों के कई पेड़ हैं। जंगल के बीच से गुजरता यह मार्ग स्थानीय लोगों को भी काफी लुभाता है। नगर निगम का प्रयास रहेगा कि सैलानियों को ऐसे स्थानों से भी रूबरू करवाया जाए।