
मुंबई: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में मिली जीत की प्रशंसा की। द्रविड़ ने कहा कि आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग स्कैंडल के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के लिए यह जीत काफी जरुरी थी।
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमें सकारात्मक जीत की जरूरत थी। हमें अपनी क्रिकेट में कुछ खुशी की जरूरत थी। इसमें कोई शक नहीं। मुझे लगता है कि इन दो या तीन हफ्तों में हमें लिखने के लिए काफी सकारात्मक चीजें मिल गईं।’ द्रविड़ ने जिलेट के कार्यक्रम में पत्रकारों से कहा, ‘भारतीय प्रशंसक के तौर पर व्यक्तिगत रुप से इस टूर्नामेंट को देखना शानदार था। टीम ऐसे समय में इतना बढिय़ा खेली जब भारतीय क्रिकेट ऐसे दौर से गुजर रहा था।’
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस चैंपियंस ट्रॉफी में चयनकर्ताओं का काम प्रशंसनीय रहा। उन्होंने कई ऐसे फैसले लिए जिससे उनकी आलोचना हो सकती थी। लेकिन ये टीम के लिए कारगर रहे। जब वे इस तरह की चीजें करते हैं, आपको उनको श्रेय देना होता है।’ द्रविड़ ने कहा, ‘मुझे लगता है कि टीम, धोनी और उनके खिलाडिय़ों का विदेश में टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाने के लिए श्रेय देना चाहिए। मैंने लंबे समय बाद भारतीय टीम का इतना अच्छा खेल देखा।’
