
धरवाला (चंबा)। ग्राम पंचायत लोथल में रविवार को ग्राम सभा आयोजन किया गया। इसमें 200 के करीब लोगों ने हिस्सा लिया। ग्राम सभा का कोरम तो पूरा हो गया, मगर बीपीएल परिवारों के चयन को लेकर ग्राम सभा में काफी हंगामा हुआ। लोगों की आपसी बहसबाजी के कारण ग्राम सभा में बीपीएल परिवारों की छंटनी नहीं हो पाई। ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान से मांग की कि सिंचाई के लिए आईपीएच विभाग की ओर से बनाए गए वाटर शेड टैंकों में आज तक पानी नहीं आया है। इसके अलावा यह वाटर शेड टैंक बंजर भूमि पर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने इन टैंकों को उचित जगह स्थापित करने की मांग की है। लोथल अति संवेदनशील पंचायत होने के कारण ग्राम सभा के दौरान पुलिस विभाग की ओर से पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। जब ग्रामीण आपस में उलझ पडे़ तो पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। ग्राम पंचायत प्रधान मानदेई ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पंचायत की जनसंख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पंचायत का दोबारा सर्वे करवाने की मांग की है। इसके बाद ही बीपीएल परिवारों का चयन हो सकेगा। इस अवसर पर पंचायत सचिव छांगा राम, उपप्रधान ओम प्रकाश, वार्ड मेंबर दीवान चंद, कश्मीर सिंह, अड़िया राम, मनू शर्मा और विष्णू राम मौजूद रहे।
