
जुब्बल (शिमला)। मौसम खराब मतलब बत्ती गुल। जुब्बल और सरस्वतीनगर क्षेत्र में यह सिलसिला जारी है। इसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सुबह से रात तक दर्जनों विद्युत कट लगाए जा रहे हैं। विद्युत कटों के कारण वार्षिक परीक्षा की तैयारियों में जुटे बच्चों को भी परेशानी हो रही है। विद्युत बोर्ड की कार्यप्रणाली के प्रति लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
सर्दी में लोगों को बिजली की अनियमित सप्लाई के चलते परेशानी हुई थी। अब बिजली के अघोषित कट लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। जुब्बल और सरस्वतीनगर क्षेत्र में आलम यह कि आसमान में बादल छाते ही बिजली कट लगने शुरू हो जाते हैं। रात के समय अधिक बिजली कट लग रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल होने का सिलसिला अधिक चल रहा है। शनिवार को भी विद्युत फाल्ट आने के कारण पूरे क्षेत्र में सुबह से दोपहर बाद तक बिजली गुल रही। बिजली कट से परीक्षा की तैयारियों में जुटे बच्चों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। रोहित चौहान, रजनीश, सत्यप्रकाश, सुरेंद्र, सोहन सिंह तथा दीप राज ने बताया कि जैसे ही आसमान में बादल छाते हैं, जुब्बल में बिजली कट लगने शुरू हो जाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह समस्या सबसे अधिक है। उन्होंने बिजली व्यवस्था सुचारु रूप से चलाने की मांग की है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता जीत राम ठाकुर ने बताया कि मौसम खराब होने पर लाइनों में कई बार फाल्ट आ जाते हैं, जिससे बिजली कट लगते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को मुख्य लाइन में फाल्ट आने के कारण बिजली गुल हुई है।
