फंगस रोग से गेहूं की सैकड़ों बीघा फसल नष्ट

धौलाकुआं (सिरमौर)। पांवटा विकास खंड के नमी वाले क्षेत्रों में गेहूं की फसल में लगे फंगस रोग से किसानों को भारी नुकसान हो चुका है। इस वर्ष बार-बार हो रही बारिश के कारण जहां बंजर भूमि में रिकार्ड तोड़ फसल होने की उम्मीद हैं वहीं नमी वाले क्षेत्रों के लिए यह बारिश नुकसान देह साबित हुई है। क्षेत्र के कुंडियों गांव के एक दर्जन किसानों की सैकड़ों बीघा जमीन में उगा गेहूं इससे खराब हो गया है।
अन्य क्षेत्रों में इन दिनों गेहूं की फसल में दाना भरने लगा है जबकि ज्यादा नमी वाले क्षेत्रों की फसल बिना दाने के ही सूख गई है। कुंडियों गांव के निवासी हरदेव सिंह, देवेंद्र सिंह, लेख राज, धर्म सिंह, बलदेव, बूटा सिंह, किशोरी लाल व निरंजन सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष यहां के किसानों की धान की फसल भी नष्ट हो गई थी। इस साल गेहूं की अच्छी फसल होने की उम्मीद जगी थी मगर फंगस रोग के कारण यह भी खराब हो चुकी है।
किसानों का कहना है कि बार-बार बारिश के चलते खेतों में पानी की निकासी न होने पर पानी लगातार खेतों में खड़ा रहा जिससे उनकी फसल नष्ट हुई है। उन्हाेंने कहा कि जी तोड़ मेहनत करने के बाद भी उनके हाथ कुछ नहीं लगा। किसानों ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है।
उधर, इस विषय पर पर्वतीय क्षेत्र अनुसंधान केंद्र धौलाकुआं के सहनिदेशक डॉ. धनवीर सिंह ने बताया कि फसलों का बीमा बिजाई के तुरंत बाद करवाना चाहिए ताकि किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके।

Related posts