
शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय में कर्मचारी चुनाव का बिगुल बज गया है। सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के चुनाव का शेडयूल जारी हो गया है। इसके अनुसार 6 अप्रैल तक कर्मचारी अपनी सदस्यता रिन्यू करवाएंगे और नए सदस्य बनेंगे। इसके बाद 10 और 11 अप्रैल को नामांकन होगा। 12 मार्च को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 16 अप्रैल तक नाम वापस लिए जाएंगे और 23 अप्रैल को वोट डलेंगे। इसी दिन शाम को चुनाव परिणाम घोषित होगा। इसके लिए राजपाल शर्मा को चुनाव अधिकारी और मनमोहन जस्सल को सहायक चुनाव अधिकारी लगाया गया है।
सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन सचिवालय का सबसे बड़ा कर्मचारी संघ हैं। इसमें एक हजार से अधिक कर्मचारी शामिल हैं। वर्तमान में इस संगठन के अध्यक्ष दौलत चौहान और महासचिव संजीत शर्मा थे। इनका सामान्य कार्यकाल पिछले महीने ही पूरा हो गया है। अब नए सिरे से कार्यकारिणी चुनी जाएगी। नए चुनाव के लिए अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष के पदों के लिए एक-एक पदाधिकारी चुना जाएगा, जबकि कार्यकारिणी सदस्यों में 9 लोगों का चुनाव भी वोट के माध्यम से होगा। हालांकि अभी अध्यक्ष पद के दावेदारों के नाम सामने नहीं आए हैं। संगठन के अध्यक्ष दौलत चौहान सचिवालय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि आजकल सदस्यता अभियान शुरू कर दिया गया है। चुनाव को लेकर नोटिस जारी कर दिया गया है और यह सचिवालय के दोनों भवनों में सूचना पट्ट पर लगा दिया गया है।
