बबखाल पुल को लेकर कांग्रेस पर बरसे कौंडल

शाहतलाई (बिलासपुर)। झंडूता के विधायक रिखीराम कौंडल ने मंगलवार को जेजवीं और सलवाड़ पंचायतों का दौरा किया। उन्हाेंने इन पंचायतों के कुठेरन, धन्नड़, बल्ह चलोग और फुफली झलवाणा गांवों में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियाें को मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
रिखीराम कौंडल ने कोटधार और नयनादेवी धार को जोड़ने के लिए गोविंद सागर पर निर्माणाधीन बबखाल पुल को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने स्वयं स्वीकार किया कि डिजाइन में खराबी के कारण बबखाल पुल के निर्माण में देरी हुई, जिसके चलते गैमन कंपनी को तलब किया गया है। हैरानी इस बात की है कि चुनाव के समय कांग्रेस नेताआें ने इस पुल को लेकर भाजपा के खिलाफ जमकर दुष्प्रचार किया था। इससे न केवल उनका झूठ उजागर हो गया है।
कौंडल ने कहा कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। लोगों की समस्याआें का समाधान करना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस मौके पर सलवाड़ पंचायत उपप्रधान एवं जिला भाजपा उपाध्यक्ष कांशीराम, ग्राम केंद्र अध्यक्ष हरिचंद, वार्ड मेंबर शीला, युवक मंडल प्रधान रणजीत सिंह और महिला मंडल अध्यक्ष रामप्यारी समेत कई अन्य लोग मौजूद थे। इससे पहले सोमवार शाम डमली (ऋषिकेश) पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिखीराम कौंडल ने ऋषिकेश की मुख्य सड़क से स्कूल तक के मार्ग को पक्का करने तथा श्मशानघाट में कमरे के निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की।

Related posts