
बद्दी(सोलन)। ट्रक यूनियन बद्दी के ट्रक चालक हमीरपुर निवासी की हरियाणा राज्य के कीरतपुर स्थित ढाबे में मौत हो गई है। कीरतपुर बद्दी से मात्र 10 किलोमीटर दूर है। मृतक के परिजन अचानक हुई इस मौत को हत्या से जोड़ रहे हैं। हरियाणा पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हमीरपुर के घढूही विकासनगर निवासी 41 वर्षीय सुनील कुमार बद्दी ट्रक यूनियन में पांच वर्षों से ट्रक चला रहा था। 22 मार्च को दोपहर ढाई बजे बद्दी ट्रक यूनियन से ट्रक लेकर पिंजौर कि ओर रवाना हुआ। तीन बजे वह पिंजौर से पहले कीरतपुर गांव में एक ढाबे पर चाय पीने के लिए रुका। उसके बाद वहीं से तीसरे दिन उसका शव बरामद हुआ। रविवार दोपहर बाद मृतक चालक के परिजन शव को ट्रक यूनियन में लाए। सभी ट्रक चालकों ने अचानक हुई मौत पर शोक जताया। ढाबा संचालक ने मृतक के जेब से मिले मोबाइल से उसके जीजा कृष्ण कुमार को सूचित किया और साथ ही पिंजौर पुलिस को भी सूचित किया। सूचना मिलते ही कृष्ण कुमार और भाई सुरजीत सिंह और चयन सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के आने के बाद ही मृतक का पोस्टमार्टम किया। मृतक के भाई सुरजीत सिंह का कहना है कि उसके भाई की हत्या की गई है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उधर पिंजोर के थाना प्रभारी राजकुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है, रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता लगाया जा सकेगा।
