
नालागढ़ (सोलन)। बेरोजगार युवाओं को श्रम एवं रोजगार विभाग नौकरी पाने का एक सुनहरा अवसर मुहैया करवा रहा है। शिमला के सुन्नी कस्बे में 29 को रोजगार मेला लगेगा, इसमें ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया होंगे।
प्रदेश के नामी औद्योगिक घरानों सहित औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के उद्योगों के प्रतिनिधि इस रोजगार मेले में पहुंचेंगे और प्रदेश के बेरोजगार युवाओं का साक्षात्कार लेंगे, जिसके चलते बेरोजगार युवा काम हासिल कर सकेंगे। रोजगार मेले में पांचवीं, आठवीं, दसवीं, जमा दो, आईटीआई पास, डिप्लोमा होल्डर और साधारण स्नातकों की भर्ती होगी। उद्योगों में हिमाचली कामगारों की कमी है और हिमाचलियों को उद्योगों में 70 फीसदी रोजगार दिलाने के दृष्टिगत सरकार और श्रम एवं रोजगार विभाग समय-समय पर ऐसे रोजगार मेलों का ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजन करता है, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को भी रोजगार के अवसर प्रदान हो सकें। सूत्रों का कहना है कि श्रम एवं रोजगार विभाग ने इस रोजगार मेले के लिए औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन सहित प्रदेश की अन्य औद्योगिक इकाइयों से उनकी स्टाफ की आवश्यकताओं की सूची मांगी है, ताकि युवाओं को उनके मुताबिक जॉब मिल सके। बीबीएनआईए के अध्यक्ष अरुण रावत और महासचिव यशवंत गुलेरिया ने कहा कि रोजगार मेले के लिए औद्योगिक इकाइयों से रिक्वायरमेंट मांगी गई थी, जो उद्योगों ने भेज दी है। जिला श्रम एवं रोजगार अधिकारी कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि सुन्नी स्कूल में यह मेला लगेगा, इसमें सिर्फ 18 से 35 साल के युवा पात्र होंगे। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले युवा अपने प्रमाण पत्र और रोजगार पंजीकरण कार्ड साथ लाएं।
