फगवाड़ा के पम्मा पहलवान ने जीती माली

शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई में रविवार को आयोजित दंगल का फाइनल फगवाड़ा के पम्मा पहलवान ने जीत लिया। खिताबी मुकाबले में उन्हाेंने जालंधर के अमन को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। खराब मौसम के बावजूद अखाड़े में पहलवानाें के दांवपेंच देखने के लिए उमड़ी सैकड़ाें लोगों की भीड़ ने साबित कर दिया कि आधुनिकता के इस दौर में भी छिंज के प्रति लोगों का आकर्षण बरकरार है।
बाबा बालक नाथ के भक्त वेरका फगवाड़ा निवासी रविदत्त शर्मा पिछले 12 साल से शाहतलाई में दंगल का आयोजन करा रहे हैं। रविवार को चरण गंगा के किनारे स्थित खेल मैदान में अखाड़ा सजा। शुरुआती मुकाबलाें में भारत ने मंगा, गौणू ने अमन, वीरी ने दीपा, मनी ने संदीप, मोरलाल ने परमवीर, अमन ने विक्की, विजय ने राहुल, प्रदीप ने गोगू, राजू ने नोनू और बिट्टू ने अरुण को शिकस्त दी।
खिताबी मुकाबला फगवाड़ा के पम्मा और जालंधर के अमन पहलवान के बीच हुआ। दोनों ने जीत के लिए कई दांव अपनाए। अंत में बाजी पम्मा पहलवान ने मारी। समापन अवसर पर तहसीलदार धमन सिंह ने पहलवानों को पुरस्कृत किया। विजेता पम्मा पहलवान को गुर्ज के साथ 31 हजार का नकद इनाम दिया गया। वहीं, अमन 25 हजार रुपये की इनामी राशि के हकदार बने।

Related posts