
भरवाईं (ऊना)। माता चिंतपूर्णी में रविवार के दिन श्रद्धालुओं की भीड़ के सामने मंदिर प्रशासन की तमाम व्यवस्थाएं पूरी तरह हांफ गईं। पूरा दिन माता के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जबकि खराब मौसम भी श्रद्धालुओं की आस्था के आगे टिक न सका। भीड़ के बीच रविवार को सारा दिन मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान भी खुद खडे़ होकर व्यवस्थाओं को जांचते नजर आए। रविवार को मंदिर में लगभग 35000 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाया। मेन बाजार में दोपहर 11 बजे श्रद्धालुओं की लाइनें लगनी शुरू हो गई, जो शाम 4 बजे तक लगी रहीं। मैड़ी मेले के चलते शनिवार देर रात ही मां के दरबार में श्रद्धालुओं की आमद शुरू हो गई थी। शनिवार रात को तूफान और रविवार सुबह भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का आना लगा रहा। श्रद्धालुओं के सुबह दस बजे तक हजाराें की तादाद में मंदिर में अचानक इकट्ठा होने से भीड़ बेतहाशा बढ़ गई और दर्शनों के लिए डबल लाइन मेन बाजार तक जा पहुंची। इसे देखते हुए मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने पर्ची सिस्टम से श्रद्धालुओं को माथा टेकने के निर्देश दिए। चौहान ने बताया कि मैैड़ी मेले से होकर श्रद्धालु सीधे मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंच रहे थे, जिस कारण रविवार को मां के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।
