
शिमला। जिला के 302 सरकारी स्कूलों के आठ हजार बच्चों के तीस लाख रुपये के छात्रवृत्ति ड्राफ्ट बनकर तैयार हैं। सोमवार से इनका आवंटन शुरू हो जाएगा। यह लाभ आईआरडीपी/बीपीएल परिवारों के छठी से आठवीं कक्षा तक पढ़ने वाले बच्चों को मिलेगा। योजना के मुताबिक छात्रों को ढाई सौ जबकि छात्राओं को पांच सौ रुपये मिलेंगे। उप निदेशक एलीमेंटरी टीसी वर्मा ने कहा कि सभी मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्य सोमवार को स्वयं कार्यालय पहुंचकर मांग के अनुरूप बनाए गए ड्राफ्ट को लें। यदि कोई स्कूल ड्राफ्ट को समय पर नहीं लेता है तो इसके लिए स्कूल मुखिया जिम्मेदार होगा। लेटलतीफी के लिए इन पर कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति की राशि को प्राप्त कर स्कूल मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्य समय रहते छात्रों को भुगतान करें और इसकी प्राप्ति की रसीद उनके कार्यालय को भेजें।
