लंबागांव ब्लाक सबसे फिसड्डी

लंबागांव/जयसिंहपुर (कांगड़ा)। अतिरिक्त जिलाधीश रोहन ठाकुर ने लंबागांव विकास खंड में प्रधानों व सचिवों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता के काम लटकाने के बजाए उन्हें समय पर निपटाने का नियम बनाएं। उन्होंने कहा कि लंबागांव ब्लाक जिला कांगड़ा में एमआईएस में सबसे फिसड्डी ब्लाक है। यहां साल भर में 70 प्रतिशत काम हुआ है और अभी तक 30 प्रतिशत शेष है।
उन्होंने ग्राम रोजगार सेवकों को समय पर बिल बनाने के लिए कहा। मनरेगा में पैसे की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि मंडी जिला अभी तक 105 करोड़ रुपए खर्च कर चुका है। जबकि प्रदेश का सबसे बड़ा कांगड़ा जिला अभी तक 75 करोड़ रुपए ही खर्च पाया है। साथ ही कांगड़ा की जनसंख्या भी दोगुनी है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण स्वच्छता में अभी जिला में छह पंचायतें ही इनाम लें सकी है। मनरेगा में निजी टायलेट भी बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी सेवा केंद्र के लिए पंचायतें जगह उपलब्ध करवाएं। उन्हें दस लाख रुपए तक पैसा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा एक प्रतियोगिता शुरू कर रहा है। इसमें बेहतर कार्य करने वाले ब्लाकों को सम्मानित किया जाएगा।
वहीं लंबागांव के बीडीओ एचआर जोगी ने प्रधानों व सचिवों से कहा कि लंबागांव ब्लाक भले ही आज सबसे पीछे है। लेकिन दिए हुए लक्ष्यों को जल्द पूरा करेगा। इस मौके पर लंबागांव ब्लाक की अध्यक्ष पवना देवी, जिला परियोजना अधिकारी कुलवीर राणा समेत कई लोग मौजूद थे।

Related posts