
रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष को दो साल से ज्यादा वक्त हो चुका है। वहीं, अब उत्तर कोरिया पर यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस की मदद के आरोपों के बाद दक्षिण कोरिया ने एक बार फिर चेतावनी दी है। दक्षिण कोरिया ने कहा है कि वह यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति करने पर विचार कर सकता है। दक्षिण कोरिया का यह बयान उत्तर कोरिया द्वारा रूस में सेना भेजने के जवाब में आया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक में दक्षिण कोरिया के शीर्ष अधिकारियों ने उत्तर कोरिया द्वारा कथित तौर पर रूस की मदद के लिए सेना भेजने की निंदा की। उन्होंने इसे दक्षिण कोरिया और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के लिए गंभीर सुरक्षा खतरा बताया। साथ ही कहा कि अगर वह ऐसा करना जारी रखता है तो हम भी यूक्रेन की मदद के लिए मजबूर हैं। इसके अलावा, दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति कार्यालय ने भी अपने एक बयान में उत्तर कोरिया को आपराधिक समूह बताते हुए कहा कि वह अपने युवाओं को अनुचित युद्ध के लिए भाड़े के सैनिकों के रूप में सेवा करने के लिए मजबूर करता है।
युद्ध में रूस की मदद के विरोध में दक्षिण कोरिया राजनयिक, आर्थिक और सैन्य कदम उठा सकता है। इसके साथ ही वह यूक्रेन को रक्षात्मक और आक्रामक दोनों हथियार भेजने पर विचार कर सकता है।
उत्तर कोरिया ने कितनी भेजी सैन्य सहायता?
हाल ही में, दक्षिण कोरियाई जासूसों ने दावा किया था कि उत्तर कोरिया यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में सहायता के लिए सेना भेज रहा है। वहीं, कुछ महीने पहले ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी उत्तर कोरिया का दौरा किया था और उत्तर कोरियाई तानाशाह के साथ बैठक भी की थी।
दक्षिण कोरियाई जासूसों के अनुसार यूक्रेन से जंग में रूस की मदद के लिए उत्तर कोरिया की तरफ से 12,000 सैनिक भेजे गए हैं। दक्षिण कोरिया की योनहाप न्यूज एजेंसी ने राष्ट्रीय खुफिया सेवा (एनआईएस) के हवाले से बताया कि उत्तर कोरियाई सैनिक रूस की सहायता के लिए पहले ही रवाना हो चुके हैं।
बता दें कि 2022 में यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद से, दक्षिण कोरिया मास्को के खिलाफ अमेरिकी नेतृत्व वाले प्रतिबंधों में शामिल हो गया है। उसने कीव को मानवीय और वित्तीय सहायता भेजी है। लेकिन इसने युद्ध में सक्रिय रूप से शामिल देशों को हथियारों की आपूर्ति न करने की अपनी नीति के अनुरूप यूक्रेन को सीधे हथियारों की आपूर्ति करने से परहेज किया है।
