
सऊदी अरब के बाद अब प्रदेश के युवाओं को संयुक्त अरब अमिरात की राजधानी अबूधाबी और दुबई में प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिलेगा। श्रम रोजगार एवं ओवरसीज प्लेसमेंट विभाग के विदेश मंत्रालय के साथ पंजीकृत भर्ती एजेंसी ईपीएस फैसिलिटीज सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात में तकनीकी और गैर तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए मांग प्राप्त हुई है। तकनीकी और गैर तकनीकी वर्ग में यह पद अबूधाबी के परमाणु ऊर्जा संयंत्र के अलावा प्रोविस स्कूल (रियल इस्टेट कंपनी) में भरे जाएंगे। चयनित हुए तकनीकी और गैर-तकनीकी कर्मचारियों को प्रतिमाह 22,800 रुपये से लेकर 1,14,450 रुपये वेतन प्रदान किया जाएगा।
आवेदकों को योग्यता के तौर पर दसवीं पास, आईटीआई इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, प्लंबर, लिफ्ट और मशीन ऑपरेटर, सहायक तकनीशियन, पेंटर, अंग्रेजी का आधारभूत ज्ञान, वैध पासपोर्ट और आयु सीमा 21-40 वर्ष होनी चाहिए। अबूधाबी में तकनीकी और गैर तकनीकी पदों पर चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को आवासीय सुविधा भी प्रदान की जाएगी। अबूधाबी स्टैंपिंग वीजा के लिए अभ्यर्थियों को दिल्ली में चिकित्सा परीक्षण और वीजा स्टैंपिंग के लिए आना होगा।
