
रामपुर बुशहर। ननखड़ी में सरकारी अफसर के चालक शराब पीने के बाद आउट आफ कंट्रोल हो गए। पहले चालक ने एक महिला से मारपीट की और उसके बाद बीडीओ कार्यालय पहुंचकर अपने अफसर से बदसलूकी कर बैठे। पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज करके चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना शुक्रवार की है। बीडीओ के चालक सोनू नशे में धुत्त होकर कार्यालय की तरफ निकले। रास्ते में उन्हें एक निजी स्कूल में कार्यरत महिला मिली, जो सामान लेने बाजार आ रही थीं। चालक महिला से उलझ पड़े और उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, महिला को जान से मारने की भी धमकी भी दे डाली। फिर चालक बीडीओ कार्यालय पहुंचे। पहले वह सेवादार से उलझे और फिर अपने अफसर के साथ बदसलूकी पर उतर आए। इतना ही नहीं, चालक ने कार्यालय में तोड़फोड़ कर खिड़की के शीशे भी तोड़ डाले हैं। डीएसपी सुनील नेगी ने बताया कि चालक के खिलाफ महिला से मारपीट और उसको जान से मारने की धमकी देने और कार्यालय में तोड़फोड़ और अफसर से बदसलूकी करने का मामला दर्ज किया गया है। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
