
रामपुर बुशहर। स्कूलों में बच्चों को अब हर हफ्ते आयरन की एक गोली खिलाई जाएगी। छठी कक्षा से लेकर बारहवीं तक के बच्चों को आयरन की गोली दी जाएगी। हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य को लेकर शुरू किए कार्यक्रम के तहत बच्चों को तंदरुस्त रखने के लिए स्कूलों में आयरन की गोलियां बांटी जाएंगी। रामपुर, ननखड़ी और सराहन शिक्षा खंड में जल्द यह सरकारी कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। शनिवार को बीएमओ कार्यालय में रामपुर ब्लाक के नोडल शिक्षकों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बीएमओ डा. राजस्वी आजाद ने शिक्षकों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के माध्यम से विभाग बच्चों को गोलियां देगा। छठी से लेकर बारहवीं तक के हर बच्चे को प्रत्येक सप्ताह आयरन की एक गोली दी जाएगी। इसके अलावा शिक्षक और सहायक भी गोलियां खाएंगे। आयरन की गोलियां बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य के मकसद से खिलाई जाएंगी। आज के आधुनिक युग में खानपान में लापरवाही से कई बीमारियों के शिकार हो जाते हैं। इनमें से एक बीमारी एनीमिया है, जो आयरन की कमी से होती है। इस बीमारी में अधिक थकावट महसूस होती है।
बीएमओ ने बताया कि 25 को सराहन और 26 मार्च को ननखड़ी ब्लाक के नोडल शिक्षकों के लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
