
पेरिस ओलंपिक में 100 ग्राम ज्यादा वजन की वजह से पदक जीतने से चूकीं भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने शुक्रवार को दिल्ली में हरियाणा के सांसद दीपेंद्र हुड्डा और उनके परिवार के साथ मुलाकात की। इससे राजनीतिक गलियारों में ऐसी अटकलें तेज हो गईं कि कुश्ती से संन्यास की घोषणा कर चुकीं विनेश जल्द ही कांग्रेस के साथ राजनीतिक पारी शुरू कर सकती हैं।
बताया जा रहा है कि इसके बाद प्रियंका गांधी से विनेश मुलाकात कर सकती हैं। पेरिस ओलंपिक में उम्दा प्रदर्शन के बाद प्रियंका ने सोशल मीडिया पर बधाई देकर विनेश से मिलने की इच्छा जताई थी। यह मुलाकात इसी संदर्भ में देखी जा रही हैं। हालांकि पिछले कुछ दिनों से विनेश के कांग्रेस में शामिल होने और चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं।
हालांकि इस बारे में फिलहाल विनेश या उनके परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। मुलाकात के बाद हुड्डा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने विनेश के कांग्रेस में शामिल होने की बात को काल्पनिक बताया।
उन्होंने कहा एथलीट सिर्फ पार्टी के नहीं होते बल्कि पूरे देश के होते हैं। यदि कोई पार्टी में शामिल होता है तो इसका पता चल ही जाता है। जो भी पार्टी में आता है, उनका हम स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा- विनेश के साथ अन्याय हुआ है।
