
झंडूता (बिलासपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गेहड़वीं में इन दिनों एक भी चिकित्सक नहीं है। बिना चिकित्सक के यहां मरीजों को उपचार मुश्किल हो गया है। लोग उपचार के लिए निजी अस्पतालों की चौखट पर पहुंचने के लिए मजबूर हो रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द चिकित्सक की तैनाती नहीं हुई तो वह आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने के लिए विवश हो जाएंगे।
यहां पर एक चिकित्सक तैनात है। इन दिनों छुट्टी पर चल रहे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि यदि चिकित्सक छुट्टी पर हैं तो यहां दूसरे चिकित्सक की तैनाती क्यों नहीं की गई। जनता को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जिला परिषद उपाध्यक्ष अनूप महाजन, हेमराज चंदेल, हरीश चंदेल, किशोरी लाल, संजीव कुमार, मुखत्यार सिंह, सरला चंदेल, देश राज शर्मा, होशियार सिंह चंदेल, पवन कुमार, मंगल ठाकुर, विजय गौतम, कुलदीप शर्मा ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गेहड़वीं में तीन पद स्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान में एक भी पद डाक्टर की सेवाएं नहीं मिल रही हैं। सरकार से मांग की है कि जल्द ही गेहड़वीं स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियुक्ति की जाए। इस बारे में चिकित्सा अधिकारी डा. एनके आंगरा ने कहा कि चिकित्सक की नियुक्ति कर दी गई है। डाक्टर लीव ट्रेनिंग पर भेजा गया है। उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
