
परवाणू (सोलन)। जाबली के पास सरकारी वाहन के खाई में लुढ़कने सेें एक महिला की मौत हो गई है। वाहन में सवार चार अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सरकारी वाहन प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड का है। इसमें पर्यावरण विशेषज्ञ का परिवार सवार था। सभी शिमला से परवाणू जा रहे थे। दो गंभीर घायलों को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी निश्चिंत नेगी के मुताबिक हादसा जाबली के पास हुआ है। वाहन करीब अस्सी फीट नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया। वाहन को चालक कृष्ण लाल चला रहा था। हादसे में गंभीर रूप से घायल पर्यावरण विशेषज्ञ डा अनूप वैद्य निवासी सेक्टर चार परवाणू की हालत नाजुक बनी हुई है। उनकी पत्नी भारती वैद्य की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बेटियां चारवी और मानवी गंभी रूप से घायल हैं। चालक और मानवी को ईएसआई अस्पताल में भर्ती करवाया है। वहीं अनूप वैद्य और चारवी को पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक हादसा तेज रफतारी के कारण हो सकता है। पुलिस ने चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। घटना बुधवार देर शाम घटी है।
