इस बार दोहरा करंट मारेगा बिजली बिल

शिमला। बिजली उपभोक्ताओं को इस बार बिल दोहरा करंट मारेगा। मार्च के बिल जमा करवाने की अंतिम तिथि 28 मार्च है और आधे शहर में अभी तक बिल नहीं बंटे हैं। इस बार के बिल में नगर निगम टैक्स के पांच सौ रुपये तक अतिरिक्त जुड़कर आएंगे, वहीं देरी से बिल जमा कराने पर सरचार्ज अलग से लगेगा।
बिजली कंपनी इस माह बिल बांटने में लेट हो गई है। यह लेटलतीफी हजारों उपभोक्ताओं की जेब पर भारी पड़ने वाली है। समय पर बिल नहीं जमा करवाने पर उपभोक्ताओं को सरचार्ज चुकाना पड़ेगा। सरचार्ज बिल की राशि के मुताबिक तय होता है। बिल की राशि का एक से दो प्रतिशत सरचार्ज होता है। बिजली कंपनी के डिवीजन नंबर एक, दो और सिटी डिवीजन के तहत कई क्षेत्रों में बुधवार तक भी बिजली बिल बांटे नहीं गए। ऐसे में अंतिम तारीख के नजदीक आने पर उपभोक्ता स्वयं बिजली बिलों की जानकारी लेने बिजली कंपनी के दफ्तरों में पहुंच रहे हैं। बुधवार को देवनगर और लोअर खलीनी निवासी रमेश चंद, प्रकाश शर्मा और कुंदन चौहान ने खलीनी सब डिवीजन आकर पूछताछ की। दफ्तर में मिले अधिकारियों के साथ इन उपभोक्ताओं की खासी नोकझोंक भी हुई। ‘अमर उजाला’ को जानकारी देते हुए इन उपभोक्ताओं ने कहा कि अधिकारी 25 तारीख के बाद बिल बांटने की बात कह रहे हैं। 28 मार्च बिल जमा करवाने की आखिरी तारीख है। ऐसे में अंतिम तिथियों में बिल जमा करवाने के लिए लंबी लाइनें बिजली दफ्तरों के बाहर लग जाती हैं। बिजली कंपनी की लापरवाही के चलते उपभोक्ता बेवजह सरचार्ज चुकाने को विवश हैं। कसुम्पटी, कनलोग, टुटीकंडी, फारेस्ट कालोनी, पंथाघाटी, नाभा और फागली के उपभोक्ताओं की भी यही शिकायत है।

बिल ऑनलाइन जमा नहीं करवाते लोग
बिजली कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर ऑनलाइन बिल जमा करवाने की सुविधा भी दी है लेकिन नाममात्र लोग ही इस सुविधा का लाभ उठाते हैं। ऑनलाइन बिल जमा करवाने के लिए उपभोक्ताओं को काउंटरों में लंबी लाइनों में खड़ा होने के बजाय करीब पांच रुपये तक अतिरिक्त शुल्क चुकाना पड़ता है। ऑनलाइन बिल जमा करवाने के लिए उपभोक्ताओं को बिजली कंपनी की वेबसाइट hpseb.com पर जाकर लॉग इन करना होगा। यहां उपभोक्ता को अपना अकाउंट नंबर और ईमेल पता डालने के बाद बिजली कंपनी द्वारा पासवर्ड दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के बाद उपभोक्ता का ऑनलाइन अकाउंट बन जाएगा, जिसके माध्यम से उपभोक्ता प्रति माह अपने डेबिट कार्ड के जरिये बिल जमा करवा सकेंगे।

क्योसक मशीन भी लेती है करारे नोट
राजधानी में बिजली कंपनी ने बिजली बिल जमा करवाने के लिए क्योसक मशीनें लगाई हैं लेकिन इन मशीनों में सिर्फ करारे नोट ही लिए जाते हैं। जिसके चलते अधिकांश लोग यहां बिल जमा करवाने नहीं जाते।

दो दिन में बांट देंगे सारे बिल : भास्कर
बिजली कंपनी के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र भास्कर का कहना है कि सभी क्षेत्रों में दो दिन के भीतर बिजली बिल बांट दिए जाएंगे। जिन लोगों को बिल नहीं मिले हैं, वे 25 मार्च के बाद संबंधित दफ्तरों में पूछताछ कर सकते हैं।

Related posts