
रोहड़ू। सिविल अस्पताल रोहड़ू में रोगियों के लिए ओपीडी के बाहर बैठने के लिए नए बैंच लगेंगे। बुधवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक में अगले वित्त वर्ष का लेखा जोखा रखा गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम रोहड़ू वाईपीएस वर्मा ने की।
इस दौरान सिविल अस्पताल रोहड़ू के प्रभारी वरिष्ठ चिकित्सक डा. गोपाल चौहान ने कहा कि गरीबी की रेखा से नीचे के परिवारों को अस्पताल में सभी सेवाएं निशुल्क हैं। आम लोगों से वसूले जा रहे यूजर चार्जिज में आय से अधिक व्यय हो रहा है। सभी सदस्यों ने यूजर चार्जिज में दस रुपये से तीस रुपये तक की बढ़ोतरी पर सहमति जताई। इस दौरान तय किया गया कि आपातकालीन ओपीडी के लिए अस्पताल परिसर के अंदर एक कमरे का निर्माण किया जाएगा। अस्पताल में रोगी कल्याण समिति के लिए बाहर से फंड जुटाने के लिए एक कमेटी का भी गठन किया गया है। इस कमेटी का प्रभारी व्यापार मंडल के अध्यक्ष रोशन लाल बांष्टू को नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ चिकित्सक ने ब्योरा रखा कि आने वाले वित्त वर्ष में रोगी कल्याण समिति को 7160166 रुपये की आय होगी। अगले वित्त वर्ष में अस्पताल के अंदर रोगियों की सुविधा पर 7105000 रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डेढ़ सौ बिस्तरों की मंजूरी है। स्थान के अभाव के कारण अभी अस्पताल में केवल 130 मरीजों को भरती करने का प्रावधान है। उन्होंने सरकार से अस्पताल में अतिरिक्त बिस्तरों के लिए स्थान निर्माण का आग्रह किया है। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी टिक्कर संजय पाठक, डा. दलीप शर्मा, जिला परिषद सदस्य कमलेश कश्यप, व्यापार मंडल अध्यक्ष रोशन लाल बांष्टू, कृष्णा चौहान, बिहारी लाल जस्टा, कमलेश कश्यप, देवेंद फिष्टा सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
