
ज्यूरी (शिमला)। विकास खंड रामपुर में जिनके आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनको कार्ड बनाने का एक और अवसर दिया जा रहा है। 23 मार्च से रामपुर में फिर आधार कार्ड बनाए जाएंगे। बीडीओ सत्येंद्र ठाकुर ने लोगों से अपील की है कि इस बार आधार कार्ड जरूर बनवाएं।
रसोई गैस कनेक्शन लेना हो या फिर बैंक में खाता खोलना है तो इसके लिए आधार कार्ड जरूरी कर दिया गया है। आधार कार्ड के बगैर गैस सब्सिडी भी नहीं मिल सकती है। हालांकि, रामपुर में आधार कार्ड पहले भी बनाए गए हैं, लेकिन कई लोग कार्ड बनाने से वंचित रह गए हैं। ऐसे लोगों को आधार कार्ड बनवाने का अवसर एक बार फिर मिल रहा है। 23 मार्च से आधार कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए खंड विकास अधिकारी कार्यालय में दो टीमें बैठेंगी। इसके अलावा ग्राम पंचायत ज्यूरी, गानवी, धारगौरा, झाकड़ी और तकलेच में भी आधार कार्ड बनाए जाएंगे। बीडीओ रामपुर सत्येंद्र ठाकुर ने लोगों से निर्धारित तिथि को आधार कार्ड बनवाने के लिए मौके पर पहुंचने की अपील की है।
