
सरकार की ओर से पर्यटकों को सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के मकसद से एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की मदद से राज्य में पर्यटन संबंधी अधोसंरचना के विकास पर 1311 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
प्रदेश में कांग्रेस की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार ने अपने पहले बजट में राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को सुदृढ़ करने पर ध्यान केंद्रित किया है। हिमाचल देश-विदेश के पर्यटकों का एक पसंदीदा पर्यटन गंतव्य स्थल है। पर्यटन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सुधार के और रोजगार सृजन भी होगा। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में प्रस्तुत किए बजट में कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए 390 करोड़ रुपये की राशि की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा में अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप एक गोल्फ कोर्स स्थापित करने और बनखंडी देहरा में एक चिड़ियाघर बनाने की घोषणा भी की है। इनके लिए भूमि पहले से ही चिह्नित की जा चुकी है। बजट प्रस्ताव में 300 करोड़ रुपये की लागत के चिड़ियाघर के लिए प्रथम चरण में 60 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की है। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की मदद से राज्य में पर्यटन संबंधी अधोसंरचना के विकास पर 1311 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
