
सांगला (किन्नौर)। जिला के पानवी में तरांडा हाइड्रो राला कंपनी की ओर से बनाए जा रहे प्रोजेक्ट में फिर काम शुरू हो गया है। छह घंटे तक चली कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों की बैठक में कंपनी ने लोगों की सभी मांगों को पूरा करने के लिए हामी भर ली है। इसके बाद प्रोजेक्ट की सभी साइटों में एक बार फिर से निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मजदूरों के साथ सीटू और नौजवान सभा ने चार मार्च से प्रोजेक्ट की सभी साइटों पर काम बंद कर रखा था।
मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन, किसान सभा, नौजवान सभा, क्षेत्र के लोगों, मजदूरों और महिला मंडल के साथ कंपनी प्रबंधन के निदेशक अर्जुन रेड्डी, जीएम संजीव शर्मा, प्रोजेक्ट प्रबंधक दिनेश गुलेरिया, किसान सभा संयोजक संजीव नेगी, नौजवान सभा अध्यक्ष राज किरण नेगी, सचिव जीत सिंह नेगी, पानवी यूनिट सचिव विनोद नेगी, उपाध्यक्ष रवि नेगी, महिला मंडल प्रधान सीता देवी नेगी, सचिव तकमा देवी नेगी, हंसराज नेगी, नरेश नेगी, शेर सिंह नेगी तथा बीर सिंह नेगी के साथ करीब छह घंटे तक लंबी बैठक चली। इस बैठक में कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों के अलावा क्षेत्र के लोगों की लगभग सभी मांगों को मान लिया है। इसके बाद शुक्रवार से प्रोजेक्ट निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। इधर, इस बारे में प्रबंधक दिनेश गुलेरिया ने कहा कि चार दिन तक काम बंद रहने के बाद शुक्रवार से प्रोजेक्ट की सभी साइटों पर काम शुरू कर दिया गया है।
